त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का अपने ऑफिस में मिला शव, हेडक्वार्टर में मचा हड़कंप

नई दिल्ली. त्रिपुरा में एक दुखद व हैरान करने वाली घटना घटी है. प्रदेश के पुलिस मुखिया यानी डीजीपी अनुराग धनखड़ का शव उन्हीं के ऑफिस में मिला है. इससे अगरतला में पुलिस मुख्यालय में हड़कंप की स्थिति मच गई है. अभी तक सुसाइड की आशंका जताई जा रही है.

सोमवार को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस मुखिया डीजीपी अनुराग धनखड़ का शव उन्हीं के ऑफिस में मिला. घटना के बाद उन्हें तुरंत जीबीपी (गोविंद बल्लभ पंत) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस इस मामले को संदिग्ध आत्महत्या मानकर जांच कर रही है.

कौन थे आईपीएस अनुराग धनखड़?

अनुराग धनखड़ एक अनुभवी आईपीएस अधिकारी थे. 1994 बैच के इस अधिकारी ने 30 साल से ज्यादा समय तक त्रिपुरा पुलिस और कई केंद्रीय एजेंसियों में अहम जिम्मेदारियां निभाईं. मई 2025 में उन्हें त्रिपुरा का डीजीपी नियुक्त किया गया था, जबकि इससे पहले वे राज्य के खुफिया विभाग के प्रमुख भी रह चुके थे.

धनखड़ ने सीबीआई, बीएसएफ, सीआईएसएफ और संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो शांति मिशन में भी सेवाएं दी थीं. सीबीआई में रहते हुए उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के आरोपी नीरव मोदी से जुड़े मामले की जांच का नेतृत्व किया था. इसके अलावा उन्होंने सीबीआई में एसपी, डीआईजी, संयुक्त निदेशक और अतिरिक्त निदेशक जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया. वहीं, सीआईएसएफ में भी वे महानिरीक्षक (कार्मिक) की जिम्मेदारी संभाल चुके थे. उन्होंने गृह मंत्रालय के अधीन 1984 के सिख विरोधी दंगों की विशेष जांच टीम के अध्यक्ष का पद भी संभाला था. जानकारी के अनुसार, अनुराग धनखड़ मूल रूप से यूपी के बागपत के रहने वाले हैं.  


Leave Comments

Top