राष्ट्रहित में बड़ा कदम: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटाया काफिला, सरकारी वाहनों को EV में बदलने की तैयारी

रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग के आह्वान के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक काफिले में शामिल वाहनों की संख्या कम करते हुए 13 से घटाकर केवल 8 गाड़ियां कर दी हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए पेट्रोल-डीजल जैसे संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना समय की आवश्यकता है. इसी दिशा में उन्होंने मंत्रियों, निगम-मंडलों के पदाधिकारियों और प्रदेशवासियों से भी वाहनों के संयमित उपयोग की अपील की है.

मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि अब उनके आधिकारिक दौरों में केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा. साथ ही राज्य के शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में बदलने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.

उन्होंने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने इसे राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी बताया.


Leave Comments

Top