भाजपा की राष्ट्रीय टीम में प्रदेश के दिग्गजों का बढ़ सकता है कद

कैलाष, नरोत्तम, राकेश सिंह सिंह के अनुभव पर दांव लगा सकता है केन्द्रिय नेतृत्व
भोपाल। भाजपा में इन दिनों बड़े संगठनात्मक बदलाव की सुगहाट तेज हो गई है। आगामी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर भोपाल से दिल्ली तक गलियारों में भारी हलचल देखी जा रही है। माना जा रहा है कि भाजपा जल्द ही अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और संगठनात्मक टीम का ऐलान कर सकती है। इस फेरबदल में सबसे खास नजर मध्य प्रदेश पर टिकी है, जहां के कई दिग्गज चेहरों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
भाजपा संगठन में संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति को सबसे शक्तिशाली इकाई माना जाता है। सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश से वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय का नाम इन समितियों के लिए प्रमुखता से चल रहा है। यदि विजयवर्गीय को इन शीर्ष निकायों में जगह मिलती है, तो यह न केवल उनके व्यक्तिगत राजनीतिक कद को बढ़ाएगा, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में मध्य प्रदेश के दबदबे को भी और मजबूती देगा। पार्टी की नई टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पदों के लिए भी मंथन अंतिम दौर में है। मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा और राकेश सिंह को इस पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। चुनावी रणनीति और संगठन संचालन के अपने लंबे अनुभव के कारण इन दोनों नेताओं का नाम हाईकमान की प्राथमिकता सूची में होने की संभावना है।
महिला नेतृत्व और महासचिव पद के दावेदार
राष्ट्रीय महासचिव पद के लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और कविता पाटीदार के नामों की चर्चा सबसे अधिक है। विशेष रूप से महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की पार्टी की रणनीति के तहत कविता पाटीदार को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। इसे आगामी चुनावों के मद्देनजर सामाजिक और लैंगिक संतुलन साधने के बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय मंत्री और प्रवक्ता पद के लिए मंथन जारी
संगठन में युवा और ऊर्जावान चेहरों को भी शामिल करने की तैयारी है। राष्ट्रीय मंत्री  पद के लिए अरविंद भदौरिया और गौरव तिवारी के नामों पर विचार किया जा रहा है। राष्ट्रीय प्रवक्ता पद के लिए आशीष अग्रवाल और जीतू जिराती को पार्टी का राष्ट्रीय चेहरा बनाया जा सकता है। वहीं कार्यकारिणी सदस्य रामेश्वर शर्मा और भक्ति शर्मा को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नई भूमिका दी जा सकती है।

Leave Comments

Top