देशभर के दिग्गजों की भागीदारी
इस मीडिया महाकुंभ में देश के 9 राज्यों से 60 से अधिक पत्रकार, संपादक, लेखक, एंकर, विचारक, शिक्षाविद और मीडिया विशेषज्ञ शामिल होंगे। प्रमुख प्रतिभागियों में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, अधिवक्ता एवं लेखक जे. साईं दीपक, वरिष्ठ पत्रकार जे. नंदकुमार, विष्णु प्रकाश त्रिपाठी, नगमा सहर, सईद अंसारी, उदय सिन्हा, अमिताभ अग्निहोत्री, जयंती रंगनाथन, डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, प्रो. कृपाशंकर चौबे, प्रो. सोमा बंदोपाध्याय, विकास मिश्र, प्रफुल्ल केतकर, प्रत्यूष रंजन, डॉ. सी. जयशंकर बाबु, शैलेश पाण्डेय, हितेश शंकर, प्रतीक त्रिवेदी, राशिद किदवई, अनिल पाण्डेय, दिलीप शर्मा, शरद गुप्ता, सलमान रावी और ‘गुल्लक’ के लेखक दुर्गेश सिंह शामिल रहेंगे।
इन मुद्दों पर होगा मंथन
तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी, जिनमें डिजिटल युग में टीवी पत्रकारिता, भारतीय पत्रकारिता का वैचारिक आधार, भूमंडलीकरण के बाद मीडिया की भूमिका, नए भारत का निर्माण और भारतीय भाषाओं की भूमिका जैसे मुद्दे शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन शाम 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें ‘वंदेमातरम्’ सहित अन्य प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।प्रदर्शनी और लाइव कार्टून शो भी आकर्षण
कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के 200 साल की यात्रा पर आधारित समाचार पत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही देश के 8 वरिष्ठ कार्टूनिस्ट लाइव कार्टून शो भी प्रस्तुत करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘माखन के लाल’ और ‘कार्टून कथा’ पुस्तकों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय के प्रायोगिक अखबार ‘विकल्प’, ‘पहल’ और ‘अभ्युदय’ के विशेषांक भी जारी किए जाएंगे। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के छात्रों द्वारा बनाई गई तीन डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन भी होगा।
भारत केंद्रित विशेष सत्र
उतिष्ठ भारत: आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण
नए भारत का निर्माण: हरिवंश
स्वाभिमानी भारत: जे. साईं दीपक
आयोजन में सहयोग
विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने बताया कि यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता की ऐतिहासिक यात्रा, उसके मूल्यों, चुनौतियों और संभावनाओं पर गंभीर चर्चा का मंच बनेगा। कार्यक्रम में भारत भवन, दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद का सहयोग रहेगा।