जिले के करैरा में गुरुवार को एक तेज रफ्तार थार ने बड़ा हादसा कर दिया। करैरा विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी पर आरोप है कि जिम जाते समय लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्होंने बाइक सवार तीन मजदूरों और पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे पांचों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार ने बताया कि गाड़ी विधायक के बेटे दिनेश लोधी चला रहे थे।उन्होंने यह भी कहा कि गाड़ी के आगे प्रीतम लोधी और पीछे MLA लिखा हुआ था। हादसे के बाद दिनेश लोधी ने घायलों के साथ बहस की और उन्हें डराकर धमकी भी दी। हादसे के समय वहां मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने जब कैमरा ऑन करके पूछा कि गाड़ी में ब्रेक नहीं है क्या? इस पर विधायक के बेटे ने कहा- जब मैं हॉर्न दे रहा हूं तो बाइक पर तीन-तीन लोग बैठकर गाड़ी लहरा काहे रहे थे। वहीं सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मारने के बारे में पूछा तो विधायक के बेटे ने धमकाते हुए कहा कि वीडियो मत बनाओ बेटा और यह कहकर उसका कैमरा बंद करा दिया।