एमपी: सीधी में आंबेडकर जयंती पर बवाल, थाने में तोडफ़ोड़, हालात तनावपूर्ण, पुलिसकर्मियों सहित 1 दर्जन लोग घायल

सीधी. मध्यप्रदेश के सीधी जिले में आंबेडकर जयंती पर जमकर बवाल हो गया. जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में आंबेडकर जयंती पर निकाली जा रही रैली के दौरान बोलेरो गाड़ी हटाने को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं का विवाद हुआ था और उसके बाद हालात बिगड़े और विवाद ने बड़ा रूप ले लिया.

देखते ही देखते रैली में शामिल सैकड़ों लोगों की भीड़ उग्र हो गई और तोडफ़ोड़ व मारपीट करते हुए पुलिस थाने में घुस गई और वहां भी तोडफ़ोड़ करते हुए पुलिस वाहन व अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया. विवाद में जमकर मारपीट हुई है. बताया गया है इस पूरे बवाल में पुलिसकर्मियों सहित एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है और एसपी-कलेक्टर मौके पर मौजूद हैं जो स्थिति को काबू में बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं.

आंबेडकर जयंती रैली के दौरान बवाल

अमिलिया थाना क्षेत्र में आंबेडकर जयंती पर रैली निकाली जा रही थी बताया गया है कि इसी दौरान सड़क पर खड़ी एक बोलेरो गाड़ी को हटाने की बात को लेकर रैली में शामिल लोगों का विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और रैली में शामिल लोग विरोध कर रहे मनी शुक्ला के घर में घुस गए और जमकर मारपीट करते हुए तोडफ़ोड़ की. इस घटना में मनी शुक्ला, रमाकांत शुक्ला, अर्चना शुक्ला और दिव्यांश शुक्ला को चोटें आईं. एक महिला और युवक के सिर पर पत्थर लगने से खून बहा है. मनी शुक्ला के घर में हमला करने के बाद गुस्साई भीड़ अमिलिया थाने पहुंची और वहां मौजूद थाना प्रभारी राकेश बेस व स्टाफ के साथ हाथापाई की. पुलिसकर्मी रामचरित्र पांडे और सतीश तिवारी घायल हुए हैं. उपद्रवियों ने थाना परिसर में पथराव कर कार्यालय और विवेचक कक्ष में तोडफ़ोड़ की है और वहां खड़े पुलिस वाहन के साथ निजी वाहनों में भी तोडफ़ोड़ की है.

कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा

बवाल की खबर लगते ही आसपास के थानों से पुलिस बल अमिलिया थाने पहुंचा और कलेक्टर-एसपी भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों के साथ पुलिस बल किसी तरह भीड़ को तितर-बितर कर बाजार में फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति बनाने की अपील की है. हालात फिलहाल तनावपूर्ण बने हुए हैं जिन्हें काबू में करने की पुलिस और प्रशासन कोशिश कर रहा है. घटना में पुलिसकर्मियों सहित एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है.


Leave Comments

Top