MP News: भोपाल पुलिस ई-कॉमर्स कंपनियों को लिखेगी पत्र, कार्बाइड गनों की ऑनलाइन बिक्री पर सख्ती

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: संदीप तिवारी Updated Sat, 25 Oct 2025 05:32 PM IST

भोपाल पुलिस ने कार्बाइड गनों की अवैध बिक्री और उपयोग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनियों को पत्र भेजकर ऑनलाइन बिक्री रोकने का निर्देश देने की तैयारी शुरू कर दी है। ऑनलाइन साइटों में अभी भी यह गन देखने को मिल रही है।

भोपाल पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र - फोटो : अमर उजाला
 
राजधानी भोपाल में बच्चों और युवाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भोपाल पुलिस ने कार्बाइड गनों की अवैध बिक्री और उपयोग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। हाल ही में 170 से अधिक बच्चों की आंखों की रोशनी जाने के मामले सामने आने के बाद अब पुलिस ने इस खतरनाक गन की ऑनलाइन बिक्री पर भी लगाम लगाने का फैसला किया है। दरअसल मार्केजिला प्रशासन और पुलिस ने रोक लगा दी लेकिन,ऑनलाइन साइटों में अभी भी यह गन देखने को मिल रही है।
शहर में जगह-जगह कार्बाईड गन की जांच
भोपाल पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने बताया कि शहर में जगह-जगह कार्बाईड गन की जांच की जा रही है। जानकारी मिली है कि कुछ ई-कॉमर्स कंपनियों की साइट पर यह गन उपलब्ध है। इन कार्बाइड गनों की बिक्री रोकने के लिए प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन खतरनाक गनों की ऑनलाइन बिक्री न हो और ये किसी भी रूप में भोपाल के लोगों तक न पहुंचे।                                                                                                                                                                                                      पुलिस की कार्रवाइयां
भोपाल में अब तक कार्बाइड गन से जुड़े पांच मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने 74 कार्बाइड गन और करीब 11.5 किलो विस्फोटक जब्त किया है। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। निशातपुरा पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मोहम्मद ताहा अहमद (27) को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 10 किलो विस्फोटक बरामद किया। बागसेवनिया पुलिस ने भय्यू चौहान (25) को गिरफ्तार किया, उसके पास से 42 कार्बाइड गन, 29 लाइटर और 1.15 किलो विस्फोटक बरामद हुए। एमपीनगर पुलिस ने भवानी पवार को अवैध गन बेचते हुए पकड़ा और उसके पास से 12 कार्बाइड गन जब्त कीं।नजीराबाद पुलिस ने सोनू सेन पर केस दर्ज किया और उसके पास से 19 गन बरामद कीं।पिपलानी पुलिस ने जंबूरी मैदान में दबिश देकर 5 कार्बाइड गन जब्त कीं, आरोपित फरार हो गया।
नियमों का उल्लंघन वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस तरह के खतरनाक उपकरण की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्बाइड गन कैल्शियम कार्बाइड और पानी के रासायनिक मिश्रण से बनती है। यह दिखने में खिलौने जैसी होती है, लेकिन इसका विस्फोटक प्रभाव बेहद खतरनाक होता है। बच्चों द्वारा इसका इस्तेमाल कई हादसों का कारण बन चुका है, जिसमें 150 से अधिक बच्चों ने अपनी आंखों की रोशनी गंवा दी।

Leave Comments

Top