संजय लीला भंसाली और प्रसून जोशी होंगे किशोर सम्मान से सम्मानित

2025 का लता मंगेशकर सम्मान सोनू निगम को
भोपाल। संस्कृति विभाग ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए अपने आठ प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा कर दी है। फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली को 2025 और गीतकार प्रसून जोशी को 2024 का किशोर सम्मान दिया जाएगा। वहीं 2025 का लता मंगेशकर सम्मान गायक सोनू निगम को दिया जाएगा।
यह जानकारी विभाग के संचालक एन.पी. नामदेव ने आज दी है। उन्होंने बताया कि इन सम्मानों के आयोजन खंडवा, भोपाल और इंदौर में तय कार्यक्रमों के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। वर्ष 2024 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान दिल्ली के प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी को गीत लेखन के लिए दिया जाएगा, जबकि वर्ष 2025 का यह सम्मान मुंबई के फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली को निर्देशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान 13 अक्टूबर  को खंडवा में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान
राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान के अंतर्गत वर्ष 2024 का पुरस्कार लोकप्रिय संगीतकार तिकड़ी शंकर-एहसान-लॉय को संगीत निर्देशन के लिए तथा वर्ष 2025 का सम्मान प्रसिद्ध पार्श्वगायक सोनू निगम को प्रदान किया जाएगा। यह समारोह 28 सितंबर 2025 को इंदौर में आयोजित होगा।
महात्मा गांधी सम्मान
राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान वर्ष 2024 में भोपाल स्थित संगठन आनंदधाम को और वर्ष 2025 में पुनरुत्थान समरसता गुरुकुलम, पुणे को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान 2 अक्टूबर 2025 को भोपाल में होगा, जिसमें 20 लाख रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। इसी तरह राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान वर्ष 2024 में प्रशांत पोल (जबलपुर) और वर्ष 2025 में लोकेन्द्र सिंह राजपूत (भोपाल) को डिजिटल मीडिया, वेब डिजाइनिंग, सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामिंग आदि में योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। वहीं  राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान अप्रवासी भारतीयों को विदेश में हिंदी प्रचार-प्रसार के लिए दिया जाता है। वर्ष 2024 में यह सम्मान रीता कौशल (ऑस्ट्रेलिया) को तथा वर्ष 2025 में डॉ. वंदना मुकेश (इंग्लैंड) को मिलेगा। राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान, जो विदेशी मूल के हिंदी सेवकों को दिया जाता है, वर्ष 2024 में डॉ. इंदिरा गाजिएवा (रूस) को और वर्ष 2025 में पद्मा जोसेफिन वीरसिंघे (श्रीलंका) को प्रदान किया जाएगा।

Leave Comments

Top