नरसिंहपुर। पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा का स्नान करने गुरुवार को जिले के नर्मदा तटों पर सुबह से हजारों श्रद्घालुओं की भीड़ है। श्रद्घालु स्नान-पूजन के साथ विविध अनुष्ठान करा रहे हैं। जिससे घाटों पर नर्मदा के जयकारों की गूंज हैं। गाडरवारा क्षेत्र के ककरा घाट व बरमान के रेत घाट जाने वाले मार्ग पर लोगों की भीड़ से जाम की नौबत बनी है। ककराघाट जाने वाला मार्ग करीब एक किमी कच्चा है जिस पर बुधवार को हुई बारिश के कारण कीचड़ हो गई है और वाहन फंस रहे है।
जबकि बरमान के रेतघाट वाले मार्ग पर वाहनों की भीड़ के साथ अवैध पार्किंग ने आवागमन प्रभावित कर दिया है। बरमान के सतधारा, सीढ़ीघाट में सागर, दमोह, छिंदवाड़ा, रायसेन आदि जिलों से आए लोग पावन नर्मदा में डुबकी लगाकर भजन-संकीर्तन कर रहे हैं। पूर्णिमा पर्व का स्नान करने यहां बुधवार की सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। मौसम खराब होने के बाद भी लोगों की आस्था बरकरार रही और सैंकड़ों श्रद्घालु पैदल यात्रा करते हुए नर्मदा तट आए।
रेतघाट में जाम लगने की जानकारी करेली पुलिस तक पहुंचने के बाद यहां बल भेजा गया है ताकि आवागमन सहज हो सके। वहीं ककरा घाट पर फसे वाहनों का निकालने के लिए पलोहा पुलिस कार्रवाई कर रही है।