
स्लॉट बुकिंग की अवधि को 6 दिन और बढ़ाया।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। किसानों की मांग को देखते हुए सरकार ने स्लॉट बुकिंग की अवधि को 6 दिन और बढ़ा दिया है। अब किसान 30 अप्रैल तक अपनी सुविधा अनुसार स्लॉट बुक करा सकते हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि इससे अधिक से अधिक किसान अपनी उपज बेच सके
प्रदेश में गेहूं की खरीदी का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 1,30,655 किसानों से 57,13,640 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार, किसानों को उनकी उपज के बदले में अब तक 355 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। वर्तमान में 4,22,848 किसानों ने करीब पौने दो करोड़ क्विंटल गेहूं बेचने के लिए पहले ही स्लॉट बुक कर लिए हैं।
किसानों को लंबी कतारों से बचाने और तौल कार्य में तेजी लाने के लिए सरकार ने केंद्रों की क्षमता में भी बदलाव किया है। प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर प्रतिदिन गेहूं विक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग की क्षमता को 1,000 क्विंटल से बढ़ाकर अब 1,500 क्विंटल कर दिया गया है। इससे उपार्जन केंद्रों की क्षमता के अनुसार तौल सुनिश्चित की जा सकेगी और किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी।