नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शादियों का सीजन शुरू होते ही लोगों को सिलिंडर उपलब्धता की चिंता शुरू हो गई है। गैस कंपनियों ने भोपाल जिले के ऐसे लोगों को राहत दी है। अब कंपनी वैवाहिक भोज के लिए दो व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराएगी। इसके लिए एजेंसी को आवेदन के साथ विवाह का निमंत्रण पत्र देना होगा।
इंडेन, भारत और एचपी ने तय की प्रक्रिया
इसी बीच इंडेन, भारत, एचपी गैस कंपनियों ने निर्णय लिया है कि वह शादी में भोजन बनाने के लिए लोगों को कुछ शर्तों के साथ दो व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध करवाएगी। इसके लिए लोगों को अपने यहां होने वाले वैवाहिक कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र कंपनी की एजेंसियों पर देना होगा। इसके अलावा उन्हें दो सिलिंडर के लिए अमानत के तौर पर 4,400 रुपये जमा राशि और रिफिलिंग शुल्क 3,700 जमा करना होगा। इसके बाद संबंधित उपभोक्ता को दो व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
आयोजन के बाद लौटाना होगा सिलिंडर
कंपनियों की शर्तों में शामिल है कि जो लोग वैवाहिक आयोजन के नाम पर सिलिंडर ले जा रहे हैं, उन्हें आयोजन के बाद उसे लौटाना भी होगा। सिलिंडर मिलने के बाद कंपनी उपभोक्ता को अमानत राशि 4400 रुपये वापस कर देगी।