मालवा-निमाड़ सहित 85 सीटों पर रहेगी नज़र
भोपाल। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में एक सीट पर जीत दर्ज करने वाली भारत आदिवासी पार्टी (बाप) ने आगामी चुनावों के लिए अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। पार्टी मालवा-निमाड़ अंचल सहित राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लगभग 85 सीटों पर अपनी चुनावी रणनीति के तहत उतरने की योजना बना रही है। मुख्य रूप से आदिवासी मतदाताओं पर केंद्रित इन तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी मध्य प्रदेश में अपना राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करने जा रही है।
सैलाना से पार्टी विधायक कमलेश्वर डोडियार ने जानकारी दी कि भारत आदिवासी पार्टी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 9 और 10 सितंबर को रतलाम में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत देश भर से पार्टी के पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता जुटेंगे। अधिवेशन के दौरान पार्टी की पिछली गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ भावी लक्ष्यों और रणनीतियों पर सामूहिक निर्णय लिए जाएंगे। विधायक डोडियार के अनुसार, इस अधिवेशन में सांगठनिक कार्यक्रमों, जनहित के मुद्दों और आदिवासी समाज के राजनीतिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण पर मंथन होगा। उन्होंने बताया कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य आदिवासी और वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना तथा सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करना है।