शिवराज सिंह से ज्यादा ऊर्जा से काम कर रहे हैं मोहन यादव

अमित शाह ने कहा शिवराज ने बीमारू राज्य का टैग हटाया, मोहन बनाएंगे विकसित प्रदेश
भोपाल। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिग्विजय सिंह के जमाने में मप्र बीमारू राज्य था। शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश से बीमारू राज्य का टैग हटाया। वे मध्य प्रदेश में लंबे समय तक रहने वाले भाजपा के मुख्यमंत्री बने। अब डॉ. मोहन यादव शिवराज जी से ज्यादा ऊर्जा के साथ इसे आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। मध्य प्रदेश निश्चित रूप से अब एक विकसित राज्य बनेगा।
गृह मंत्री शाह ने ग्वालियर में दो लाख करोड़ की औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी किया। इन परियोजनाओं से राज्य में लगभग 1.93 लाख रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना जताई गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की रीजनल समिट पॉलिसी को श्रेष्ठ बताया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के संतुलित विकास का कॉन्सेप्ट है, जिसे आने वाले समय में अन्य राज्यों को भी अपनाना होगा। शाह ने कहा कि डॉ. मोहन यादव ने स्ट्रक्चर्ड इंडस्ट्री कॉन्क्लेव समिट का जो काम किया है वह अनुकरणीय है। शाह ने कहा आज अटल जी की जयंती है। समग्र देश अटल जयंती मना रहा है। मेरा सौभाग्य है कि आज मैं उस भूमि पर हूं जिसने एक बाल अटल को अटल बिहारी बनाने का काम किया। उस भूमि पर मैं आज उपस्थित हूं। अटल जी ने न सिर्फ देश की सांस्कृतिक विरासत को बचाया, बल्कि पूरा जीवन देश के स्व को जगाने का काम किया। कारगिल के विषय में अटलजी ने दुनिया को स्पष्ट कर दिया कि पाकिस्तान से तब तक बातचीत नहीं हो सकती जब तक एक-एक घुसपैठिए को बाहर न खदेड़ दिया जाए। कारगिल विजय अटलजी के दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। वे महान वक्ता, संवेदनशील कवि और लोकसंग्रह व लोककल्याण को समर्पित नेता थे। राजनीति में रहते हुए भी वे अजातशत्रु रहे।
सिंधिया को राजा जी कहकर किया संबोधित
गृह मंत्री अमित शाह ने मंच के संबोधन में सबसे पहले, ज्योतिरादित्य सिंधिया को राजा जी कहकर संबोधित किया। मंच से यह सुनकर पब्लिक ने खूब तालियां बजाई। आगे उन्होंने कहा कि ग्वालियर की धरती साधारण नहीं है। यही वह भूमि है जहां तानसेन का जन्म हुआ और ग्वालियर घराने के अनेक महान संगीतकारों ने अपनी साधना की। उन्होंने कहा कि इसी भूमि ने अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेता को देश को दिया। यहीं से निकलकर अटल जी ने संघर्ष किया और आज पूरा देश उन्हें लाड़ करता है।
नक्सलवादियों की विचारधारा का समर्थन करते हैं कांग्रेसी
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि यह सम्मेलन प्रदेश सरकार के संकल्प को आगे बढ़ने वाला सिद्ध होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने और भारत को विश्व की तीसरी सबसे सशक्त अर्थव्यवस्था बनाने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। वहीं अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के लाल सलाम को, अंतिम सलाम किया है, लेकिन अभी भी कांग्रेस के लोग नक्सलवादियों की विचारधारा का समर्थन करते हैं।
 
 
 

Leave Comments

Top