अजाक्स के पूर्व पदाधिकारियों से मांगा हिसाब और संपत्ति

मौर्य ने पूर्व प्रांताध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा 65 लाख बैंक खाते में जमा कराएं
भोपाल।  मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति, जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) में नेतृत्व को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। अजाक्स के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य ने संगठन के पूर्व प्रांताध्यक्ष जेएन कसोटिया और पूर्व प्रांतीय महासचिव एसएल सूर्यवंशी को एक कड़ा पत्र लिखा है।
 इस पत्र में उनसे संगठन से संबंधित समस्त अभिलेख, लेखा पुस्तकें और चल-अचल संपत्ति का आधिपत्य’’ वर्तमान कार्यकारिणी को सौंपने की मांग की गई है। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कसोटिया और सूर्यवंशी अब संगठन के पदाधिकारी नहीं हैं। उनसे सात दिन के भीतर भोपाल स्थित कार्यालय एफ-88/12, सेकंड बस स्टॉप और नवीन अजाक्स भवन, तुलसी नगर की चाबियां सुपुर्द करने को कहा गया है। इसके अलावा, उन्हें’संगठन के बैंक खातों से अवैधानिक रूप से निकाली गई पैंसठ लाख रुपये (65 लाख) से अधिक की राशि भी तुरंत बैंक खातों में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
सात दिन में नहीं सौंपा आधिपत्य तो करेंगे कार्रवाई
चौधरी मुकेश मौर्य ने पत्र में चेतावनी दी है कि यदि वे सात दिन के भीतर अभिलेख और संपत्ति का आधिपत्य वर्तमान कार्यकारिणी को नहीं सौंपते हैं, तो संगठन उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करेगा। उन्होंने पूर्व पदाधिकारियों को यह भी हिदायत दी है कि वे संगठन के पदाधिकारियों की हैसियत से अब किसी भी प्रकार का कोई कार्य या संव्यवहार न करें, अन्यथा इसे संगठन विरोधी गतिविधि माना जाएगा। वर्तमान कार्यकारिणी ने यह कदम संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति और सुचारू संचालन के लिए उठाया है।
सरकार ने माना मुकेश मौर्य ही अध्यक्ष
विधानसभा में कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भारतीय के प्रश्न के जवाब में सरकार ने स्पश्ट कर दिया है कि  अजाक्स संघ के वैधानिक और कानूनी रूप से प्रांताध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य ही हैं। 20 नवंबर की स्थिति में मान्यता प्राप्त कर्मचारी संघों की सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दी जानकारी में इस बात का उल्लेख किया गया है।
ब्राह्मण समाज का आंदोलन 14 को, मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी
ब्राह्मण समाज संयुक्त मोर्चा ने अधिकारी के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की घोषणा की है। 14 दिसंबर  को ब्राह्मण समाज द्वारा मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। यह प्रदर्शन ब्राह्मण समाज के सभी संगठनों द्वारा एकजुट होकर किया जाएगा। समाज ने आईएएस वर्मा पर सरकार की कार्रवाई को भेदभावपूर्ण बताते हुए उनके खिलाफ कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। जिसको लेकर ब्राह्मण समाज ने घोषणा की है कि 12 दिसंबर  से ही वर्मा के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मंत्रालय पर आज किया जाएगा प्रदर्शन
मंत्रालय सेवा अधिकारी, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने कहा कि ब्राह्मण समाज संयुक्त मोर्चा और सामान्य वर्ग के कर्मचारी कल 12 दिसंबर को मंत्रालय के गेट नंबर-6 पर दोपहर 1 से 2 बजे तक प्रतीकात्मक प्रदर्शन करेंगे। विरोध स्वरूप प्रतिभागी शंखनाद और घंटानाद कर सोई हुई प्रशासनिक व्यवस्था को जगाने तथा आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।

Leave Comments

Top