पुलिस की ताकत, संसाधन और विस्तार का लेखा-जोखा अब ऑनलाइन
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस से जुड़ी महत्वपूर्ण सांख्यिकीय जानकारियां अब डिजिटल माध्यम से भी आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। पुलिस की ‘सांख्यिकी डाटा पुस्तिका-2025’ का डिजिटल संस्करण मध्यप्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ अन्य संबंधित व्यक्तियों को संगठनात्मक संरचना, स्वीकृत बल, उपलब्ध संसाधनों और कार्यक्षमता से जुड़ी जानकारियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने पुलिस मुख्यालय में इस पुस्तिका का विमोचन किया। पुस्तिका में वर्ष 2025 के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस संगठन से संबंधित महत्वपूर्ण सांख्यिकीय जानकारियों को सुव्यवस्थित और सरल स्वरूप में संकलित किया गया है। यह दस्तावेज पुलिस की मौजूदा संगठनात्मक क्षमता, संसाधनों की स्थिति और विकास की दिशा को समझने में उपयोगी होगा। इसमें उपलब्ध आंकड़े नीतिगत निर्णय लेने, संसाधनों के बेहतर उपयोग, आवश्यकताओं के आकलन तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं और रणनीतियों के निर्धारण में सहायक होंगे।
पुलिस बल के स्वीकृत पदों में 2,673 की वृद्धि
वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस के स्वीकृत बल में कुल 2,673 नए पदों की वृद्धि दर्ज की गई है। इनमें तकनीकी सेवाएं (एफएसएल) के 1,266, पुलिस बैंड के 932, हॉक फोर्स के 325 और जिला बल उज्जैन के 150 पद शामिल हैं। पुस्तिका में इन नई स्वीकृतियों का विवरण भी शामिल किया गया है।
आवासीय परिसरों और वाहन संसाधनों में विस्तार
वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में पुलिस के आवासीय परिसरों के प्रतिशत में वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही डायल-112 सेवा से संबंधित आंकड़ों को भी अद्यतन किया गया है। पुलिस वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। वर्ष 2024 में जहां पुलिस के पास 1,150 वाहन थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 1,200 हो गई।
पुलिस थानों की संख्या बढ़कर 1,175
प्रदेश में पुलिस थानों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश में कुल 1,173 पुलिस थाने थे। उज्जैन में दो नए पुलिस थानों की स्थापना के बाद वर्ष 2025 में इनकी संख्या बढ़कर 1,175 हो गई।