जबलपुर, धार और खंडवा में होंगे मुख्य कार्यक्रम, शोध पीठ की होगी स्थापना
भोपाल। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार 14 से 16 नवंबर तक तीन बड़े भव्य राज्यस्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है। इस बार उत्सव को तीन अलग-अलग अंचलों महाकौशल, मालवा और निमाड़ में भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान यह घोषणा की। कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजनों की शुरुआत 14 नवंबर को गोंडवाना साम्राज्य की ऐतिहासिक राजधानी और वीरांगना रानी दुर्गावती की कर्मभूमि जबलपुर से होगी। इसके बाद 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मुख्य राज्यस्तरीय समारोह मालवा अंचल के धार जिले में आयोजित किया जाएगा। आयोजनों की इसी कड़ी में 16 नवंबर को निमाड़ अंचल के खंडवा में अंतिम राज्यस्तरीय कार्यक्रम के साथ इस तीन दिवसीय उत्सव का समापन होगा। 15 नवंबर को धार जिले के डही में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव करीब 2,500 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नर्मदा जल आधारित विशाल सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से धार और अलीराजपुर जिले के करीब 300 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी।
जनजातीय विकासखंडों और छात्रावासों में गूंजेगी क्रांतिगाथा
राज्यस्तरीय आयोजनों के अतिरिक्त 20 नवंबर तक पूरे प्रदेश के सभी 89 जनजातीय विकासखंडों के सरकारी स्कूलों और छात्रावासों में विशेष सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के अदम्य साहस, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और अंग्रेजों के खिलाफ किए गए संघर्षों से अवगत कराया जाएगा। इसके अलावा, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा 12 से 20 नवंबर तक स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्ज्वलन, युवा संवाद और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजाति गौरव चौपाल का आयोजन भी करेगा।
जनजातीय नायकों के सम्मान
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जनजातीय नायकों के गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर खरगोन यूनिवर्सिटी और राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर मंडला मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया गया है। साथ ही कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के लिए बोनस सुविधा के साथ रानी दुर्गावती श्रीअन्न योजना संचालित की जा रही है। आगामी आयोजनों के तहत प्रदेश के प्रमुख विश्वविद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा शोध पीठ की स्थापना की जाएगी, जिससे उनके विचारों और आंदोलनों पर शोध को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही विभिन्न शहरों के प्रमुख चौराहों, सड़कों और पार्कों का नामकरण जनजातीय क्रांतिकारियों के नाम पर करने की योजना है।