स्वच्छता सर्वेक्षण में भोपाल टॉप-10 से बाहर, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

भोपाल। देश के सबसे स्वच्छ शहरों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका प्रदेश की राजधानी भोपाल इस बार स्वच्छता के मोर्चे पर बुरी तरह पिछड़ गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों की चयनित सूची में भोपाल को स्थान नहीं मिला है। कभी देश भर में दूसरी रैंक हासिल करने वाला यह शहर इस बार शीर्ष 10 स्वच्छ शहरों में भी अपनी जगह बनाने में नाकाम रहा।
स्वच्छता रैंकिंग में आई इस बड़ी गिरावट के बाद शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। भोपाल के पिछड़ने से नाराज कांग्रेस नेता अमित शर्मा सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हाथों में झाड़ू लेकर निगम परिसर में सफाई की और अनूठे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान उन्होंने बिगड़ती सफाई व्यवस्था और अधिकारियों की अनदेखी को लेकर नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला।
भ्रष्टाचार और लापरवाही का लगाया आरोप
मीडिया से बातचीत करते हुए अमित शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचारी अधिकारियों और नगर निगम की घोर लापरवाही के कारण भोपाल की स्वच्छता रैंकिंग गर्त में चली गई है। अधिकारी शहर की सफाई को लेकर बिल्कुल गंभीर नहीं हैं और इसी का नतीजा है कि आज शहर को राष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है।
अधिकारी बेपरवाह, जनता को आना पड़ेगा आगे
कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब जिम्मेदार अधिकारी अपनी जवाबदेही से भाग रहे हैं, तो अब जनता को स्वयं शहर साफ करने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिसर में झाड़ू लगाना सिर्फ एक शुरुआत है। आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में इसी तरह सफाई अभियान चलाकर प्रशासन को आईना दिखाया जाएगा।
प्रदेष नौ शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार
स्वच्छता के क्षेत्र में  प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के 9 शहरों का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है।। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले समारोह में इन शहरों को सम्मानित करेंगी। राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित प्रदेश के 9 शहरों में इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, रीवा, सागर, बुधनी और देपालपुर शामिल हैं।
 


Leave Comments

Top