Rajgarh Lok Sabha Election 2024: राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है। यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई है। इसमें दिग्विजय को आम आदमी पार्टी का साथ भी मिल रहा है। चाचौड़ा में विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रहीं पूर्व विधायक ममता मीणा ने मोर्चा संभाला है तो सामाजिक संगठनों के माध्यम से भी समीकरण साधे जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पूर्व विधायक ममता मीणा का टिकट काट दिया था। वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं और चाचौड़ा से चुनाव लड़ा। उनका मुकाबला भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस से था। कांग्रेस ने यहां दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह को प्रत्याशी बनाया था, जो चुनाव हार गए।
ममता मीणा 27 हजार से अधिक मत लेकर तीसरे स्थान पर रहीं थीं। आम आदमी पार्टी विपक्षी दलों के गठबंधन आइएनडीआइ का हिस्सा है, इस कारण वह दिग्विजय सिंह के प्रचार में जुटी हैं। उनके पति रघुवीर मीणा सामाजिक संगठनों से जुड़े हैं और क्षेत्र में सक्रिय भी हैं।