नगरीय निकायों और पंचायतों में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाएंगे जनजागरण अभियान
भोपाल। प्रदेश की सियासत में राघौगढ़ के पूर्व राजपरिवार के दोनों भाइयों की पदयात्राओं को लेकर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के बीच अब उनके छोटे भाई और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह भी पदयात्रा के जरिए जनता के बीच पहुंचने की तैयारी में हैं। उन्होंने नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया है।
लक्ष्मण सिंह ने वीडियो संदेश जारी कर स्थानीय शासन व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं और नेताओं-अधिकारियों की कथित सांठगांठ पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते कुछ वर्षों में नगरीय निकायों और पंचायतों में भ्रष्टाचार बढ़ा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। दूषित पेयजल से होने वाली मौतों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पात्र और जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने सत्ता के कथित दलालों पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि कुछ लोग नेताओं-अधिकारियों के बीच सांठगांठ कर अपने हित साधते हैं।
स्वच्छ छवि वाले प्रतिनिधियों को चुनने की अपील
आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों का हवाला देते हुए लक्ष्मण सिंह ने मतदाताओं से ईमानदार और साफ छवि वाले प्रतिनिधियों को चुनने की अपील की। उन्होंने जल्द क्षेत्र का दौरा कर पदयात्रा शुरू करने की बात कही। गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक करीब 950 किलोमीटर की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पर हैं। अब लक्ष्मण सिंह की प्रस्तावित पदयात्रा ने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।