जनगणना 2027: मध्य प्रदेश में द्वितीय चरण का आधिकारिक कैलेंडर जारी; जानिए, जो जानना जरूरी है

Updesh Awasthee   personUpdesh Awasthee   11/19/2026 11:05:00 PM3 minute read
भोपाल (मध्य प्रदेश): 19 नवंबर 2026 | गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय (मध्य प्रदेश) द्वारा राज्य में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की फील्ड गतिविधियों और प्रशासनिक तैयारियों के लिए विस्तृत समयबद्ध कैलेंडर जारी कर दिया गया है। जनगणना निदेशक संजीव श्रीवास्तव द्वारा मध्य प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों एवं प्रमुख जनगणना अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर इस कैलेंडर के अनुसार सभी कार्यों को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। भारत सरकार के गृह मंत्रालय और भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा जारी अधिसूचना के अनुक्रम में, मध्य प्रदेश राजपत्र में जनगणना की प्रमुख तिथियों की आधिकारिक घोषणा की गई है। 

जनगणना 2027 की प्रमुख तिथियां और संदर्भ समय

स्व-गणना (Self-Enumeration) का अवसर: आम नागरिकों के लिए स्व-गणना का विकल्प 10 जनवरी 2027 से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगा। वीवीआईपी (VVIP) स्व-गणना की शुरुआत 10 जनवरी 2027 को होगी।
घर-घर जनसंख्या गणना (Field Work): प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक की जाएगी।
बेघर परिवारों की गणना: बिना छत के रहने वाले बेघर परिवारों की गणना का कार्य 28 फरवरी 2027 को सायं 06:00 बजे से शुरू किया जाएगा।
पुनरीक्षण दौर (Revision Round): गणना में छूटे हुए लोगों और विसंगतियों को ठीक करने के लिए पुनरीक्षण का दौर 1 मार्च 2027 से 5 मार्च 2027 तक संचालित होगा।
संदर्भ तिथि एवं समय (Reference Date): जनगणना 2027 के लिए आधिकारिक संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 की मध्यरात्रि (00:00 बजे) निर्धारित की गई है।

प्रशिक्षण, पोर्टल प्रबंधन और प्रशासनिक शेड्यूल

जनगणना के दूसरे चरण को तकनीक-आधारित और त्रुटिहीन बनाने के लिए सीएमएमएस (CMMS) पोर्टल और ईबी मैपिंग (EB Mapping) वेब एप्लीकेशन के जरिए चरणबद्ध कार्य योजना तैयार की गई है:
फील्ड ट्रेनर्स का आईडी सृजन व प्रशिक्षण: 18 नवंबर से 22 नवंबर 2026 के बीच सीएमएमएस पोर्टल पर फील्ड ट्रेनर्स की आईडी बनाई जाएगी। इसके बाद 23 से 26 नवंबर 2026 (बैच 1) और 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 (बैच 2) के बीच 3-दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण: प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का 3-दिवसीय मुख्य प्रशिक्षण 14 दिसंबर 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके उपरांत 18 से 22 जनवरी 2027 के दौरान रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित होगा।
ब्लॉक आवंटन और प्रिंटिंग: 1 से 12 दिसंबर 2026 के बीच संक्षिप्त मकान सूची (AHL-HLO) की प्रिंट निकाली जाएगी। 6 से 8 दिसंबर तक पर्यवेक्षी सर्किलों का गठन कर 9 से 13 दिसंबर 2026 के बीच प्रगणकों को गणना ब्लॉक आवंटित किए जाएंगे।
सामग्री जमा करना: गणना कार्य समाप्त होने के पश्चात नज़री नक्शा, कवरेज प्रमाण-पत्र, संक्षिप्त मकान सूची (AHL-HLO) और अन्य सामग्री 6 से 8 मार्च 2027 तक चार्ज अधिकारी के पास जमा कराई जाएगी।

प्रशिक्षण हेतु जिलों का विभाजन (बैच I एवं बैच II)

राज्य में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण को सुचारू बनाने के लिए जिलों को दो बैचों में विभाजित किया गया है:
बैच I के जिले: श्योपुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा, धार, इंदौर, खरगोन (पश्चिमी निमाड़), बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, खंडवा (पूर्वी निमाड़), बुरहानपुर, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम और जबलपुर।
बैच II के जिले: टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह, निवाड़ी, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, राजगढ़, विदिशा, भोपाल, सीहोर, रायसेन, कटनी, नरसिंहपुर, डिंडोरी, मंडला, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा।

Leave Comments

Top