होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों पर हर महीने वसूली के भी लगाए आरोप, कोतवाली टीआई लाइन अटैच; जांच के आदेश
सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. एक होटल में युवक-युवती को कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एडिशनल एसपी के रूप में बताए जा रहे अधिकारी पुलिसकर्मी से युवक के बैग में गांजा रखकर केस बनाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं. यह घटनाक्रम डूंडासिवनी थाना क्षेत्र के बाबरिया रोड स्थित एक होटल का बताया जा रहा है. होटल संचालक संजय सनोडिया ने वीडियो को अपने होटल का सीसीटीवी फुटेज बताया है.
13 नवंबर का बताया जा रहा घटनाक्रम
होटल संचालक के मुताबिक, 13 नवंबर को एक बालिग युवक और युवती होटल में ठहरे थे. सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे. संचालक का आरोप है कि अधिकारी ने युवक-युवती से परिजनों को बुलाने के लिए कहा. उनके इनकार करने पर पुलिसकर्मी से युवक के बैग में गांजा रखकर उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कही. यह पूरा घटनाक्रम होटल के साउंड रिकॉर्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया.
तीन पुलिस अधिकारियों पर वसूली के आरोप
होटल संचालक ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी पर होटल संचालन के बदले हर महीने 25-25 हजार रुपये मांगने का आरोप भी लगाया है. संचालक का दावा है कि वह तीनों को 10-10 हजार रुपये दे चुका है.
टीआई लाइन अटैच, जांच के आदेश
मामले के सामने आने के बाद सिवनी एसपी कृष्ण लाल चंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है. साथ ही आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं. हालांकि, वायरल वीडियो और होटल संचालक की ओर से लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच होना बाकी है. जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.