आसियान सम्मेलन LIVE: क्वाड बैठक में पीएम मोदी ने उठाया जमीन पर रखा तिरंगा, ट्रंप बोले- इसे संभालकर रखिए

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: राकेश कुमार Updated Tue, 17 Nov 2026 08:44 PM IST
 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर हैं। उन्होंने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कई अहम प्रस्ताव रखे। वहीं, पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ क्वाड नेताओं की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में ट्रंप ने पीएम मोदी को 'टफ मैन' बताया, जबकि मोदी ने क्वाड के साथ मनीला के पुराने रिश्तों का जिक्र किया। मनीला दौरे से जुड़े सभी बड़े घटनाक्रम और ताजा अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...

ASEAN Summit 2026 live updates East Asia Quad Meeting Pm modi Donald trump

आसियान शिखर सम्मेलन - फोटो : @PTI

लाइव अपडेट

09:16 PM, 17-Nov-2026

क्वाड और क्षेत्रीय साझेदार मिलकर तय करेंगे इंडो-पैसिफिक का भविष्य: सनाए तकाइची

फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 'क्वाड लीडर्स समिट' के दौरान जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने विश्वास जताया कि क्वाड और उसके क्षेत्रीय साझेदार मिलकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के भविष्य को एक नया आकार देंगे। इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापानी प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने हिस्सा लिया।
अपने संबोधन में तकाइची ने कहा कि क्वाड देशों का सहयोग इस रणनीतिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है, जिससे समुद्री सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा और नई तकनीकों जैसे क्षेत्रों में देशों को अपने फैसले खुद लेने की आजादी मिलेगी और संपूर्ण क्षेत्र को इसका सीधा लाभ पहुंचेगा।
08:43 PM, 17-Nov-2026

भारत-आसियान रिश्तों को मिली नई मजबूती: रुद्रेंद्र टंडन

फिलीपींस की राजधानी मनीला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने भारत और आसियान के बीच सहयोग को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आसियान भारत की एक्ट ईस्ट नीति का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस दौरे से दोनों पक्षों के बीच संबंध और मजबूत हुए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह साझेदारी लगातार आगे बढ़ेगी। 
भारत और आसियान के बीच आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग पर टंडन ने कहा कि भारत के पास इस क्षेत्र में अच्छी क्षमता है, जबकि आसियान के पास भी महत्वपूर्ण संसाधन और क्षमताएं हैं। दोनों पक्षों का प्रयास इन क्षमताओं के बीच तालमेल को व्यवस्थित करना है। उन्होंने बताया कि भारत हिंद महासागर के समुद्री क्षेत्र में सक्रिय है, जबकि आसियान व्यवस्था उससे सटे एक महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र से जुड़ी है। ऐसे में दोनों के बीच आपदा प्रबंधन के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करना इस सहयोग का अहम उद्देश्य है।
07:00 PM, 17-Nov-2026

पीएम मोदी बोले- हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को मिलेगी नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद आपूर्ति शृंखला, उभरती तकनीक और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में क्वाड देश मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि इस बैठक से हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला, शांतिपूर्ण और समृद्ध बनाने के साझा लक्ष्य को नई गति मिली है। साथ ही सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय किए गए हैं
06:16 PM, 17-Nov-2026

क्वाड बैठक में पीएम मोदी ने उठाया जमीन पर रखा तिरंगा, ट्रंप बोले- इसे संभालकर रखिए

फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। बैठक में शामिल होने के लिए जब क्वाड देशों के नेता पहुंचे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां जगह बताने के लिए जमीन पर रखा भारतीय तिरंगा उठा लिया। यह झंडा बैठक स्थल पर भारत की जगह पहचानने के लिए स्पॉट मार्कर के तौर पर लगाया गया था। प्रधानमंत्री मोदी को तिरंगा उठाते देख अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'इसे संभालकर रखिए।' इस दौरान का वीडियो व्हाइट हाउस की ओर से जारी किया गया है
05:52 PM, 17-Nov-2026

ट्रंप का एलान, क्वाड देश समुद्री गश्ती विमानों के साथ करेंगे सैन्य अभ्यास

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्वाड देशों के नेताओं के साथ बैठक में समुद्री सुरक्षा को लेकर बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि क्वाड देश समुद्री गश्ती विमानों के साथ एक संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे। ट्रंप ने कहा कि ताकत के दम पर शांति बनाए रखने के प्रयासों के तहत यह अभ्यास किया जाएगा।

ट्रंप ने आगे कहा कि  हाल ही में चारों देशों की नौसेनाओं ने जापान के पास 30वां वार्षिक मालाबार संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया। इसमें नौसैनिकों ने पनडुब्बी रोधी और सतह पर मौजूद युद्धपोतों के खिलाफ युद्धाभ्यास किया। ट्रंप ने कहा कि आज के समय में पनडुब्बी रोधी क्षमता बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। सतह पर मौजूद जहाजों के खिलाफ युद्धाभ्यास लंबे समय से किया जा रहा है, लेकिन पनडुब्बियों से निपटने की जरूरत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने अमेरिकी पनडुब्बियों को बेहद उन्नत बताते हुए कहा कि अमेरिका ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों के साथ इस दिशा में काम कर रहा है।

04:58 PM, 17-Nov-2026

पीएम मोदी ने आसियान देशों के सामने रखे सहयोग के आठ प्रस्ताव, समुद्री सुरक्षा से साइबर अपराध तक पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में आयोजित आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भारत और आसियान देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने सहयोग बढ़ाने के लिए आठ अहम पहल सुझाईं। इनमें समुद्री सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आपदा प्रबंधन के लिए दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना, साइबर धोखाधड़ी रोकने के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान शामिल हैं। इसके अलावा अंतरिक्ष तकनीक के इस्तेमाल के लिए आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन और महत्वपूर्ण खनिजों की मजबूत आपूर्ति शृंखला बनाने के लिए संयुक्त तंत्र विकसित करने का प्रस्ताव दिया। 

पीएम मोदी ने युवाओं को जोड़ने के लिए युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन का भी सुझाव दिया। वहीं, फिल्मों, गेमिंग, संगीत और एनिमेशन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए आसियान-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन बनाने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान संबंधों के 35 साल पूरे होने की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में साझा संकल्प एक सुरक्षित, समृद्ध और बेहतर तरीके से जुड़े भविष्य का निर्माण करना है। इसमें आसियान की केंद्रीय भूमिका रहेगी।
04:39 PM, 17-Nov-2026

पीएम मोदी बोले- मनीला और क्वाड का पुराना और खास रिश्ता, यहीं से शुरू हुई थी चारों देशों की साझेदारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मनीला और क्वाड का पुराना और खास रिश्ता रहा है। उन्होंने बताया कि 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक इसी शहर में हुई थी। इसके 10 साल बाद 2017 में यहीं से चारों देशों ने एक बार फिर बातचीत शुरू की थी। पीएम मोदी ने कहा कि इस ऐतिहासिक शहर में दोबारा क्वाड की बैठक होना एक अहम पड़ाव है। उन्होंने बताया कि पिछले साल जनवरी से अब तक चारों देशों के विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं। यह उनकी राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है।
04:22 PM, 17-Nov-2026

ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया 'मजबूत शख्स', मनीला में क्वाड बैठक से पहले की तारीफ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'टफ गाइ' (मजबूत शख्स) बताया। ट्रंप की यह टिप्पणी दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान सामने आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगे यह भी कहा कि जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची तो उनसे भी ज्यादा मजबूत हो सकती हैं। ट्रंप ने कहा कि भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के साथ अमेरिका के अच्छे संबंध हैं। वे लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके साथ उनकी दोस्ती भी है। ट्रंप ने कहा कि इन नेताओं के साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंध होने से भी सहयोग में मदद मिलती है। 

'क्वाड की वापसी से सहयोग और दोस्ती हुई मजबूत', ट्रंप बोले- चारों देश हिंद-प्रशांत के अहम साझेदार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मनीला में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि क्वाड की वापसी के बाद चारों देशों के बीच सहयोग बढ़ा है और उनकी दोस्ती पहले से ज्यादा गहरी हुई है। उन्होंने कहा कि सभी नेता एक-दूसरे के दोस्त हैं और इससे आपसी सहयोग आसान होता है। ट्रंप ने भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया को दुनिया के सबसे सफल और कुछ मामलों में सबसे शक्तिशाली देशों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि ये चारों देश एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार प्रमुख स्तंभ हैं। चारों देशों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक कूटनीति के मुद्दों पर बेहतर तालमेल और मजबूत संबंध हैं।

04:19 PM, 17-Nov-2026

पीएम मोदी ने थाईलैंड और सिंगापुर के प्रधानमंत्रियों से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मनीला में थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। ये मुलाकातें 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट से इतर हुईं। सिंगापुर के प्रधानमंत्री के साथ बैठक में निवेश, बुनियादी ढांचे, नवाचार, सेमीकंडक्टर और आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। वहीं, थाईलैंड के प्रधानमंत्री के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, कनेक्टिविटी, डिजिटल तकनीक, संस्कृति और पर्यटन जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। इन बैठकों में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।

04:08 PM, 17-Nov-2026

ट्रंप मनीला पहुंचे, 49वें आसियान शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल; क्वाड देशों के नेताओं से भी करेंगे चर्चा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 49वें आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए हैं। इस दौरे के दौरान वह क्वाड समूह के नेताओं के साथ भी चर्चा करेंगे। इसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जापान और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री शामिल हो सकते हैं।


Leave Comments

Top