राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। आठवें वेतन आयोग की तैयारियों के बीच राज्य सरकार द्वारा गठित कर्मचारी आयोग का दायरा अब सिर्फ वेतन विसंगतियों को देखने तक सीमित नहीं रहेगा। आयोग विभिन्न सरकारी संवर्गों की स्थिति, विभागों में रिक्त पदों और कर्मचारियों की वास्तविक आवश्यकता का भी आकलन करेगा। इसके अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मलय श्रीवास्तव ने काम संभाल लिया है
मंत्रालय से फील्ड तक होगी समीक्षा
सामान्य प्रशासन विभाग इसे संवर्गों की आवश्यकता का आकलन करने का काम भी दे रहा है, ताकि मंत्रालय से लेकर सभी विभागों की संरचना और उसके काम के हिसाब से संवर्ग का पुनरीक्षण हो जाए। मंत्रालय से लेकर मैदानी कार्यालयों तक बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं। अब पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होने के साथ नई भर्तियों का रास्ता खुला है।
कई विभागों में भर्तियां शुरू
स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, स्कूल शिक्षा सहित अन्य विभागों में रिक्त पद भरे जा रहे हैं। नए पद भी सृजित किए गए हैं। अब आयोग अन्य विभागों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध मानव संसाधन की समीक्षा कर आवश्यक पदों तथा संवर्गों की स्थिति, सेवा-शर्तों को लेकर अनुशंसा करेगा। इसके साथ ही वेतन संबंधी विसंगतियों के लंबित मामलों को भी आयोग देखेगा।
दीपावली के बाद शुरू होंगी बैठकें
आयोग के अध्यक्ष मलय श्रीवास्तव ने बताया कि सदस्यों के साथ हमने काम संभाल लिया है। कार्यालय तैयार हो रहा है। दीपावली के बाद बैठकें प्रारंभ होंगी। कर्मचारी संगठनों के साथ बैठकर उनके विषय समझेंगे और फिर विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा करके अनुशंसा की जाएगी।