भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठनात्मक फेरबदल और नई नियुक्तियों की प्रक्रिया का औपचारिक आगाज हो चुका है। पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए धर्मेंद्र सिंह चौहान को एक बार फिर मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रकोष्ठ के सभी पदों को भंग किए जाने के दो महीने बाद आई इस पहली आधिकारिक नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले प्रदेश संगठन में कसावट लाने और नए सिरे से गठन की कवायद के तहत कांग्रेस ने अपने सभी प्रकोष्ठों (विभागों) को भंग कर दिया था। इस एकतरफा फैसले के कारण धर्मेंद्र सिंह चौहान को भी अपना पद छोड़ना पड़ा था। हालांकि, संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और सांगठनिक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन पर एक बार फिर भरोसा जताया है। राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को आगामी चुनावी और राजनीतिक रणनीतियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
जल्द हो सकती है अन्य प्रकोष्ठों में घोषणाएं
किसान कांग्रेस की कमान दोबारा धर्मेंद्र सिंह चौहान को सौंपे जाने के बाद अब सियासी हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही अन्य विभागों और प्रकोष्ठों में भी नए पदाधिकारियों की घोषणा कर सकती है। पार्टी के इस कदम से राज्य में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।