नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सरकारी स्कूलों से पढ़ाई कर 12वीं परीक्षा की मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी खरीदने के लिए मिलने वाली रकम अब 19 सितंबर को उनके खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए भोपाल के शिवाजी नगर स्थित सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सुबह 10 बजे से राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव "मुख्यमंत्री स्कूटी योजना" के तहत राशि वितरण करेंगे।
कार्यक्रम की तिथि बदली
पहले यह आयोजन 16 सितंबर को होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम की तिथि बदली गई है। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
योजना की पात्रता और लाभार्थियों की संख्या
लाभ प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत अंक के साथ स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करना आवश्यक है। इस साल योजना से लाभान्वित होने वालों की संख्या 7500 से अधिक है।