छतरपुरमें ‘CELC बाल आधार नामांकन अभियान’ का शुभारंभ

             शासकीय अस्पतालों में नवजात शिशुओं के आधार नामांकन को मिलेगा बढ़ावा छतरपुर

                                                         प्रविष्टि तिथि: 11 SEP 2026 10:26PM by PIB Bhopal

छतरपुर,  मध्य प्रदेश में नवजात शिशुओं के शत-प्रतिशत आधार नामांकन के उद्देश्य से शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में “बाल आधार नामांकन अभियान” का आज जिला चिकित्सालय, छतरपुर में शुभारंभ किया गया। यह अभियान भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के निर्देशों के अनुरूप India Post Payments Bank (IPPB), मध्य प्रदेश सर्किल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। 

कार्यक्रम में निदेशक UIDAI मध्य प्रदेश श्री सुमित मिश्रा, छतरपुर जिला कलेक्टर श्री मृणाल मीणा, उप महाप्रबंधक (sales) IPPB श्री विकास ढल एवं IPPB मध्य प्रदेश सर्किल प्रमुख श्री मकरंद चितले उपस्थित थे। 

अभियान का प्रमुख उद्देश्य 0–1 वर्ष आयु वर्ग के सभी नवजात शिशुओं का आधार नामांकन सुविधाजनक एवं सुलभ रूप से सुनिश्चित करना है। इस पहल के अंतर्गत सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आवश्यकता के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में आधार नामांकन की व्यवस्था की जाएगी।

जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं सिविल अस्पताल तथा तहसील स्तर के प्रमुख सिविल अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रत्येक सप्ताह दो निर्धारित दिवसों पर आधार नामांकन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में स्थानीय जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर संस्थागत जन्म की संख्या के आधार पर उपयुक्त व्यवस्था निर्धारित की जाएगी।

इस व्यवस्था के माध्यम से बच्चे का आधार नामांकन उसी स्थान पर किया जा सकेगा, जहाँ जन्म का पंजीकरण किया जाता है। इससे अभिभावकों को अलग से आधार केंद्र जाने की आवश्यकता कम होगी और नवजात शिशुओं के आधार नामांकन की प्रक्रिया अधिक सुगम एवं समयबद्ध बनेगी। साथ ही, अभिभावकों के मोबाइल नंबर को तत्काल अपडेट करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे जन्म से संबंधित DBT सुविधाओं के लाभ में सहायता मिलेगी।

निदेशक UIDAI मध्य प्रदेश, श्री सुमित मिश्रा का वक्तव्य :
“नवजात शिशुओं के आधार नामांकन को जन्म के स्थान पर ही उपलब्ध कराना इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता है। UIDAI का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को समय पर आधार पहचान उपलब्ध हो और अभिभावकों को नामांकन के लिए अलग से केंद्र जाने की आवश्यकता न पड़े। मध्य प्रदेश में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और IPPB के सहयोग से इस पहल को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, ताकि 0–1 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार कवरेज और अधिक मजबूत किया जा सके।”

छतरपुर जिला कलेक्टर श्री मृणाल मीणा का वक्तव्य :
“जिला चिकित्सालय से इस अभियान का शुभारंभ नवजात शिशुओं के आधार नामांकन को स्वास्थ्य सेवाओं और जन्म पंजीकरण की प्रक्रिया के साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग, UIDAI और IPPB के साथ समन्वय कर जिले में इस सुविधा को प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।”

मुख्य बिंदु
• 0–1 वर्ष आयु वर्ग के सभी नवजात शिशुओं के शत-प्रतिशत आधार नामांकन का लक्ष्य।
• जन्म के स्रोत स्थल पर, शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में आधार नामांकन की सुविधा।
• UIDAI के निर्देशों के अनुरूप मोबाइल हैंडसेट आधार किट के माध्यम से अभियान।
• IPPB के सहयोग से नामित आधार ऑपरेटर एवं मोबाइल हैंडसेट आधार किट की उपलब्धता।
• अभिभावकों के मोबाइल नंबर को तत्काल अपडेट करने की सुविधा।
• जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, UIDAI एवं IPPB के समन्वय से राज्यभर में अभियान का क्रियान्वयन।

*
(रिलीज़ आईडी: 2309350) आगंतुक पटल : 17


Leave Comments

Top