'ओजी' से लेकर 'नाराज फूफाओं' तक: पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें, 'गिलास' से समझाया विजन

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: राकेश कुमार Updated Sat, 05 Sep 2026 09:45 PM IST

एसआरसीसी के मंच से मोदी ने अपने 2013 के भाषण को मौजूदा भारत से जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने पुराने ‘गिलास’ वाले उदाहरण से सकारात्मक सोच की बात कही। इसके बाद अर्थव्यवस्था, जनधन, रक्षा उत्पादन और रेलवे की उपलब्धियां गिनाईं। पीएम मोदी की 10 बड़ी बातें क्या रहीं? जानिए..

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

पीएम मोदी - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह को संबोधित किया। शिक्षक दिवस के मौके पर हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने कॉलेज की 100 साल की यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि कोई इंसान 100 साल का होता है तो अनुभव का खान बन जाता है, लेकिन कोई संस्थान 100 साल पूरे करता है तो वह उपलब्धियों का महासागर बन जाता है। पीएम ने कहा कि दरियागंज के छोटे से संस्थान से शुरू हुआ एसआरसीसी आज विशाल वृक्ष बन चुका है। इसने कई पीढ़ियों को शिक्षा और दिशा दी है। पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें:-

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

एसआरसीसी में पीएम मोदी का संबोधन - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
1. ‘नाराज फूफा’ कौन हैं, जिनका पीएम मोदी ने जिक्र किया?
प्रधानमंत्री मोदी ने नए कामों पर सवाल उठाने वालों पर ‘नाराज फूफा’ के अंदाज में तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाज में कुछ लोग हर नए काम की शुरुआत पर पूछते हैं-‘इसकी क्या जरूरत है?’ मोदी ने कहा कि ऐसे लोगों का काम ही विरोध करना होता है। उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, मेट्रो, यूपीआई, सेमीकंडक्टर चिप, नई संसद और नेशनल वॉर मेमोरियल के उदाहरण दिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने ऐसे तमाम ‘फूफाओं’ को जवाब दिया है।

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

पीएम मोदी - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
2. 2013 के ‘गिलास’ वाले उदाहरण को फिर क्यों याद किया?
पीएम मोदी ने एसआरसीसी में 2013 के अपने भाषण को याद करते हुए पानी के गिलास का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि गिलास को देखने के अलग-अलग नजरिए होते हैं। किसी को गिलास आधा भरा दिखता है। किसी को आधा खाली। लेकिन वह गिलास को पूरा भरा देखते हैं। आधा पानी और आधा हवा। मोदी ने कहा कि उनका भारत को देखने का नजरिया तब भी सकारात्मक था और आज भी वही है।
विज्ञापन

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

एसआरसीसी में पीएम मोदी का संबोधन - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
3. 2013 के भारत की तस्वीर कैसी थी?
प्रधानमंत्री ने 2013 के दौर की तुलना मौजूदा स्थिति से की। उन्होंने कहा कि उस समय देश की आर्थिक वृद्धि दर नीचे थी और महंगाई काफी ज्यादा थी। मोदी ने घोटालों और भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तब दुनिया भारत को पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिन रही थी। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद और पाकिस्तान की स्थिति का भी उल्लेख किया।

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

पीएम मोदी - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
4. 7.8 फीसदी जीडीपी को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने हाल में आए आर्थिक आंकड़ों को भी अपने भाषण में शामिल किया। उन्होंने 7.8 फीसदी की तिमाही विकास दर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिजली उत्पादन, वाहनों की बिक्री और स्टील-सीमेंट की खपत में बढ़ोतरी हुई है। उनके मुताबिक ये आंकड़े देश में आर्थिक और कारोबारी गतिविधियों में तेजी दिखाते हैं।

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

5. जनधन योजना को लेकर क्या उपलब्धि बताई?
प्रधानमंत्री ने जनधन योजना को वित्तीय बदलाव का बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 60 करोड़ नए बैंक खाते खोले गए। मोदी के मुताबिक इससे बड़ी संख्या में ऐसे लोग बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े, जो पहले इससे बाहर थे। उन्होंने कहा कि बैंक खातों के विस्तार ने भारत की फिनटेक क्रांति के लिए मजबूत आधार तैयार किया।

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

6. ‘माई-बाप कल्चर’ पर पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री ने पुरानी व्यवस्था पर निशाना साधते हुए ‘माई-बाप कल्चर’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले आम लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए सरकारी व्यवस्था के पीछे भागना पड़ता था। मोदी ने कहा कि जनधन योजना जैसे कदमों ने लोगों को सीधे बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा। उनके मुताबिक इससे आम नागरिकों को व्यवस्था पर निर्भर रहने के बजाय आर्थिक रूप से जोड़ने का काम हुआ।
 

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

7. ‘मेड इन इंडिया’ से रक्षा उत्पादन तक क्या बताया?
पीएम मोदी ने कहा कि 2013 में उन्होंने इसी मंच से ‘मेड इन इंडिया’ की बात की थी। तब कई लोगों को यह विचार मुश्किल लगता था। उन्होंने कहा कि आज भारत का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। प्रधानमंत्री के मुताबिक देश में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का रक्षा उत्पादन हो रहा है। रक्षा निर्यात भी 40 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

8. रेलवे विद्युतीकरण का उदाहरण क्यों दिया?
प्रधानमंत्री ने भारत में काम की रफ्तार बताने के लिए रेलवे का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि देश में पहली इलेक्ट्रिक ट्रेन 1925 में चली थी। मोदी के मुताबिक 2014 तक करीब 90 साल में 30 फीसदी से भी कम रेल लाइनों का विद्युतीकरण हुआ था। उन्होंने कहा कि इसके बाद 12 साल में रेल लाइनों का 100 फीसदी विद्युतीकरण कर दिया गया।

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

9. युवाओं से पीएम मोदी ने क्या उम्मीद जताई?
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें देश और युवाओं पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि युवा विकसित भारत के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री ने छात्रों से सकारात्मक सोच रखने और बड़े लक्ष्य तय करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत आने वाले समय में मैन्युफैक्चरिंग के साथ रिसर्च और इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनेगा।

pm-modi speech 10 big points srcc centenary

10. स्पेस स्टेशन और ओलंपिक को लेकर क्या विजन दिया?
प्रधानमंत्री ने भारत के भविष्य को लेकर कई बड़े लक्ष्य गिनाए। उन्होंने कहा कि भारत कृषि निर्यात में बड़ी ताकत बनेगा और अपना स्पेस स्टेशन स्थापित करेगा। मोदी ने कहा कि वह दिन भी आएगा जब भारत ऐसे ओलंपिक का आयोजन करेगा, जिसे पूरी दुनिया देखेगी। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ बातें नहीं हैं। ये भारत के संकल्प हैं।

Leave Comments

Top