मुख्यमंत्री ने केला उत्पादक किसानों के खातों में ट्रांसफर किए 107.72 करोड़
भोपाल। संकट की हर घड़ी में अन्नदाताओं के साथ मजबूती से खड़ी राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित बुरहानपुर के किसानों को बड़ा संबल दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन से वर्चुअली बुरहानपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए आपदा पीड़ित 8,115 किसानों के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 107 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की राहत राशि अंतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि सरकार का संकल्प है। जब तक प्रभावित किसानों के चेहरों पर दोबारा मुस्कान नहीं आ जाती, राज्य सरकार चौन से नहीं बैठेगी। उल्लेखनीय है कि मई और जून माह में आई प्राकृतिक आपदा के कारण बुरहानपुर नगर, ग्रामीण, नेपानगर और खकनार तहसीलों के 188 गांवों में केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचा था। इस कठिन समय में किसानों को राहत पहुंचाते हुए मुख्यमंत्री ने मुआवजा राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी। वर्चुअल कार्यक्रम में बुरहानपुर से जुड़ीं विधायक एवं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार पर बुरहानपुर की ओर से मुख्यमंत्री को केले के रेशे से बनी विशेष राखी भेजी जाएगी।
किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कृषक कल्याण वर्ष 2026 के तहत 16 विभागों की संयुक्त कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। किसानों की आय दोगुनी करने और आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक एवं जैविक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से जिला स्तर पर बलराम कृषि महोत्सवों का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत मां अहिल्याबाई की पावन धरा इंदौर से हुई थी।
बुरहानपुर बनेगा प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट का हब
बुरहानपुर की विविध कृषि और उद्योग संस्कृति की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कपास उत्पादक किसानों और वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए मंडी टैक्स को 1 रुपये से घटाकर आधा (50 पैसे) कर दिया गया है। बुरहानपुर के कपास किसानों को धार में बन रहे पीएम मित्र पार्क का सीधा फायदा मिलेगा। केले के प्रसंस्करन (प्रोसेसिंग) और रेशे से बने कपड़ों व सजावटी सामानों ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर बुरहानपुर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन बड़ा निवेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्वालियर को टेलीकॉम सेक्टर के बड़े मैन्युफैक्चरिंग जोन के रूप में विकसित करने के लिए नई दिल्ली में भारत सरकार और मध्य प्रदेश सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू साइन किया जा रहा है। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कांवड़ यात्रा के लिए निर्देश
पवित्र श्रावण मास की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टर्स को कड़े निर्देश दिए हैं कि प्रदेश भर में कांवड़ यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्था में कोई कमी न रहे।
dd