बिलकिस बानो और कंगना रनौत विवाद, महिला कांग्रेस ने प्रदर्षन कर फूंका पुतला

भोपाल। नारी सम्मान और सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं,  इस कड़े संदेश के साथ मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने आज राजधानी भोपाल में केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर एकत्र हुई सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और भाजपा नेताओं के बयानों को महिला विरोधी करार दिया।
यह विरोध प्रदर्शन मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी द्वारा बिलकिस बानो मामले के दोषियों के कथित समर्थन व स्वागत और भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा आंदोलनकारी महिलाओं पर की गई विवादित टिप्पणियों के खिलाफ आयोजित किया गया था। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही जिला महिला कांग्रेस भोपाल की पदाधिकारियों ने कहा कि देश की बेटियां जब भी अपने हक, न्याय और सम्मान के लिए आवाज उठाती हैं, तो उनके सम्मान की रक्षा करना जनप्रतिनिधियों की नैतिक जिम्मेदारी होती है। लेकिन दुर्भाग्य से सत्ता में बैठे लोग ही उनका अपमान करने में लगे हैं।
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अन्याय, अपराध और अपमानजनक बयानबाजी के विरुद्ध उनका यह संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व को महिलाओं की गरिमा के प्रति संवेदनशील होना चाहिए और ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों पर तुरंत रोक लगानी चाहिए।
 


Leave Comments

Top