झूठ की राजनीति में माहिर कांग्रेस, पटवारी फैला रहे हैं भ्रम

भोपाल। सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व से लेकर प्रदेश स्तर तक के नेता बिना तथ्यों के बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
मंत्री सारंग ने भाजपा कार्यालय में सहयोग सेल के अंतर्गत कार्यकर्ताओं की जन समस्याओं को सुना। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की यह पहल कार्यकर्ताओं की शिकायतों के गंभीरता से निराकरण के लिए है। मैंने आज स्वयं बैठकर विभिन्न विषयों की जानकारी ली और सुनिश्चित किया कि हर समस्या का समाधान पूरी पारदर्शिता के साथ हो। जीतू पटवारी द्वारा प्रदेश के कर्ज पर दिए गए बयानों को मंत्री सारंग ने पूरी तरह भ्रामक बताया। उन्होंने तकनीकी पक्ष रखते हुए कहा कि फेडरल सिस्टम के तहत राज्यों को अपनी जीएसडीपी के 3 प्रतिशत तक कर्ज लेने की अनुमति है। मध्यप्रदेश सरकार इस सीमा का अक्षरशः पालन कर रही है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह कर्ज पूंजीगत व्यय के लिए लिया जा रहा है, जो विकास के लिए अर्थशास्त्र की दृष्टि से बिल्कुल उचित है। पटवारी को सरकार को कोसने के बजाय अपने बिखरते संगठन पर ध्यान देना चाहिए।
मोदी की ट्रेड डील और 2047 का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए सारंग ने कहा कि अमेरिका के साथ हुई हालिया ट्रेड डील भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि जहाँ पूरी दुनिया भारत की सराहना कर रही है, वहीं राहुल गांधी और कांग्रेस नेता बिना जानकारी के गैर-जिम्मेदाराना बयान देकर देश की छवि धूमिल कर रहे हैं।

Leave Comments

Top