राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भाजपा द्वारा प्रत्याशी उतारे जाने के बाद कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए उन्हें कर्नाटक लेकर जा रही है। सभी विधायकों को मंगलवार को भोपाल से एक साथ कर्नाटक लेकर जाया जाएगा।
ये सभी अब मतदान से ठीक एक दिन पहले भोपाल लौटेंगे। मतदान 18 जून को सुबह नौ से शाम चार बजे तक होगा। इसके ठीक एक घंटे बाद मतगणना की जाएगी।
पहले तेलंगाना पर हुआ था विचार, फिर कर्नाटक पर बनी सहमति
सूत्रों के अनुसार, सोमवार को दिन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में हुए विधायकों के भोज में इस बात पर विचार किया गया कि सभी विधायकों को एक साथ एक जगह पर रखा जाए। पहले तेलंगाना ले जाने पर विचार हुआ। मीनाक्षी नटराजन यहां की प्रभारी भी हैं लेकिन रात को नेता प्रतिपक्ष के आवास पर हुए भोज में सभी विधायकों को कर्नाटक ले जाने पर सहमति बनी। वहां कांग्रेस की सरकार है और किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी साथ रहेंगे।