मध्य प्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ अधिकारियों के तबादले करते हुए नई पदस्थापनाएं की हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला जबलपुर बनाया गया है। वे इससे पहले करेरा (जिला शिवपुरी) में एसडीओपी के रूप में पदस्थ थे। आयुष जाखड़ हाल के दिनों में उस मामले को लेकर चर्चा में रहे थे, जिसमें भाजपा नेता प्रीतम लोधी के बेटे के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज किया गया था। इस घटनाक्रम के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा। इसके साथ ही राज्य शासन ने राज्य पुलिस सेवा के 66 अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार कुल 74 पुलिस अधिकारियों को नई पदस्थापनाएं और जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गृह विभाग के आदेश के अनुसार वर्ष 2022 बैच के आठ आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें ग्वालियर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनिवाल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्ष जबलपुर, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लांजी बालाघाट ओमप्रकाश को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जोन-3 नगरीय पुलिस इंदौर, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बैहर जिला बालाघाट करणदीप को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सिंगरौली गौरव पाण्डेय को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतना, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मिनी शुक्ला को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 भोपाल नगरीय पुलिस, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सबगढ़ मुरैना राज कृष्णा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महू, इंदौर ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक धार सुजावल जग्गा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्ष ग्वालियर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।