
तमिलनाडु में सरकार बनाने की जद्दोजहद जारी। - फोटो : अमर उजाला
विस्तार
तमिलनाडु में चुनाव नतीजे आने के बाद से ही राज्य में सियासी सरगर्मियां जारी हैं। राज्य में किसी भी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। हालांकि, सिनेमा की दुनिया को छोड़ राजनीति की दुनिया में आए सुपरस्टार विजय की तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) सबसे बड़ी पार्टी जरूर बनकर उभरी है। इतना ही नहीं, अपनी इस जीत में टीवीके ने तमिल राजनीति की दो पुरानी पार्टियों- सत्तासीन द्रविड़ मुनेत्र कझगम (द्रमुक) और मुख्य विपक्षी दल रहे अन्नाद्रमुक को जबरदस्त पटखनी दी है।
हालांकि, चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बावजूद सरकार बनाने के लिए विजय को कुछ विधायकों को साथ लाने की जरूरत है। मौजूदा समय में तमिलनाडु की राजनीति को देखें तो राज्य में निर्दलीय विधायक हैं ही नहीं। यानी सभी सीटें या तो द्रमुक गठबंधन या अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को जीत मिली है। इस लिहाज से देखा जाए तो विजय को सरकार बनाने के लिए इनमें से किसी एक या दोनों गठबंधनों को तोड़ना ही होगा, ताकि सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन हासिल कर पाएं।