भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में मातृ मृत्यु और शिश मृत्यु दर में कमी आई है। है। यह सुधार भाजपा सरकार द्वारा बनाई गई अधोसंरचना और मजबूत व्यवस्थाओं का परिणाम है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने यह बात आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कही। वे आज प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षा, स्वास्थ्य और कुपोषण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार लगातार सुधार कर रही है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केवल आरोप लगाने का काम करते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि मातृ मृत्यु दर 175 से घटकर 142 हो गई है और शिशु मृत्यु दर 50 से अधिक से घटकर 37 पर आ गई है। यह सुधार भाजपा सरकार द्वारा बनाई गई अधोसंरचना और मजबूत व्यवस्थाओं का परिणाम है, जिसे केंद्र सरकार भी मान्यता दे रही है। कुपोषण को समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री खाद्य योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं और स्थितियाँ लगातार बेहतर हो रही हैं। मंत्री ने कहा कि आरोप लगाना सरल है, लेकिन समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी सरकार पर होती है और भाजपा सरकार इसे पूरी निष्ठा से निभा रही है।
कार्यकर्ता दे रहे जमीनी स्थिति का फीडबैक
शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल की पहल पर मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन ने संयुक्त रूप से एक नई व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था के अंतर्गत आज मैने प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संपर्क और संवाद किया। उन्होंने बताया कि इस पहल से कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और जमीनी स्थिति का फीडबैक सीधे मिल रहा है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन को और बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को अपनी समस्या बताने के लिए भटकने की आवश्यकता नहीं होगी।