न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by:
कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Fri, 28 Nov 2025 01:17 PM IS
भारत और रूस के बीच हर साल शिखर वार्ता होती है। अब तक दोनों देशों के बीच 22 वार्ताएं हो चुकी हैं। पिछले साल जुलाई में पीएम मोदी मॉस्को गए थे, जबकि पुतिन आखिरी बार 2021 में भारत आए थे। इस बार दोनों देशों का सैन्य और तकनीकी सहयोग पर विशेष ध्यान रहेगा। इस बार भी पुतिन बैठक में रूस के एजेंडे को रखेंगे।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत आने की तारीख तय हो गई है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पुतिन 4 और 5 दिसंबर को भारत के औपचारिक दौरे पर होंगे। इस दौरान पुतिन मुख्यतः 23वें भारत-रूस सालाना सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर पुतिन 4 दिसंबर को भारत पहुंच जाएंगे। वे यहां पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी पुतिन का स्वागत करेंगी और उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया जाएगा।