भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर राजधानी भोपाल में सोमवार को एनएसयूआई ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में नोटों से भरा बैग लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भर्ती की नोटिफिकेशन की प्रतियां जलाईं।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि परीक्षा आयोजन का ठेका जिस निजी कंपनी अपटेक लिमिटेड को दिया गया है, वह कई राज्यों में ब्लैकलिस्टेड रह चुकी है। संगठन ने मांग की कि इस विवादित कंपनी को तत्काल हटाया जाए और भर्ती प्रक्रिया किसी नई, पारदर्शी और विश्वसनीय एजेंसी से कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि पैसे लेकर नौकरियां बेचने की तैयारी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती नोटिफिकेशन की प्रतियां जलाकर सरकार और ईएसबी पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद एनएसयूआई पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दो दिनों में इस पर स्पष्ट रुख नहीं अपनाया तो राजधानी में आंदोलन शुरू किया जाएगा।