कांग्रेस जाएगी सुप्रीम कोर्ट, आदिवासी विरोधी है भाजपा

पटवारी बोले दम है तो निर्मला सप्रे का चुनाव कराएं
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजयपुर विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य घोषित किए जाने के न्यायिक फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पत्रकारों से चर्चा करते हुए पटवारी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और इसे राज्य में आदिवासी विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष  जीतू पटवारी ने कहा कि यह प्रकरण भाजपा की असली कार्यशैली को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा यह बर्दाश्त नहीं कर पा रही है कि एक आदिवासी प्रतिनिधि विधानसभा तक कैसे पहुंच गया। कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगी। वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा कांग्रेस की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में पक्ष रखेंगे। पटवारी ने कहा कि पार्टी को न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है और मुकेश मल्होत्रा जनता के समर्थन से फिर अपना जनादेश प्राप्त करेंगे।
निर्मला सप्रे मामले में भाजपा क्यों है मौन
पटवारी ने भाजपा को चुनौती देते हुए निर्मला सप्रे का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में अलग-अलग अदालतों में जाकर मामले को केवल गुमराह कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यदि भाजपा में वास्तव में दम है, तो निर्मला सप्रे सीट पर उपचुनाव कराकर दिखाएं।
प्रदेश की बदहाल स्थिति पर सरकार को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार की नीतियों और आर्थिक प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार कर्ज लेने के मामले में शिवराज सिंह चौहान के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ रही है। पटवारी ने कहा कि सरकार ने लाड़ली बहनों से किए गए तीन हजार रुपए प्रति माह के वादे को पूरा नहीं किया है। उन्होंने प्रदेश में ’डिग्री बेचने वाले विश्वविद्यालयों’ के पनपने और प्रशासनिक लापरवाही के कारण हो रही मौतों का जिक्र करते हुए सरकार को पूरी तरह दिशाहीन बताया। रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि और किसानों की अनदेखी को लेकर भी उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया।
भाजपा दबाव बनाकर कराती है फैसले
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी मलहोत्रा को लेकर आए फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा से जुड़े एक मामले की सुनवाई अभी लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दबाव बनाकर फैसले करवाने की कोशिश करती है और यह भी आशंका जताई कि कांग्रेस की राज्यसभा सीट प्रभावित करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
अदालत की प्रक्रियाओं की समझ कम है कांग्रेस नेताओं में
विजयपुर विधानसभा सीट के चुनावी विवाद के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस नेताओं पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अदालत की प्रक्रियाओं और निर्णयों की समझ कम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि न्यायालय का फैसला स्पष्ट है और इसे मान्यता देना ही लोकतंत्र की दिशा में सही कदम है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी चुनावी प्रक्रिया और कानून का सम्मान करती है, और अदालत के निर्णय का स्वागत करती है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की राजनीति की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए।
 


Leave Comments

Top