T20 World Cup: भारत का सुपर आठ में इन तीनों टीमों से होगा मुकाबला, जानें गत चैंपियन टीम का पूरा कार्यक्रम

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Tue, 17 Feb 2026 06:26 PM IST

T20 World Cup 2026 Super 8 India Schedule: भारत का सुपर आठ चरण में कार्यक्रम तय हो गया है। भारत ने ग्रुप चरण में लगातार तीन मैच जीतकर अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया था। आइए जानते हैं सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को किन तीन टीमों का सामना करना है...

विस्तार

टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप चरण अब खत्म होने को है और 20 में से 10 टीमों का सफर समाप्त हो गया है। वहीं, सात टीमों ने सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई कर लिया है और अब एक स्थान के लिए तीन टीमों के बीच होड़ है। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम लगातार तीन मैच जीतकर पहले ही सुपर आठ में पहुंच चुकी है और अब ये तय हो गया है कि टीम का सामना अगले दौर में किन तीन टीमों से होगा। 
ऑस्ट्रेलिया बाहर, जिम्बाब्वे सुपर आठ में
जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच टी20 विश्व कप में ग्रुप बी का मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया है। इसके साथ ही दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले हैं। इसका फायदा जिम्बाब्वे को हुआ है और वह सुपर आठ चरण में पहुंच गई है। वहीं, 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया है और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। ग्रुप बी से श्रीलंका की टीम सुपर आठ चरण में पहुंच चुकी थी और जिम्बाब्वे इस ग्रुप से अगले दौर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। जिम्बाब्वे ने लगातार दो मैच जीते और अब मैच रद्द होने से उसे एक अंक मिला जिससे उसके तीन मैचों में पांच अंक हो गए। 
एक स्थान के लिए तीन टीमों में जंग
ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने से अब सुपर आठ की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। जिम्बाब्वे सातवीं टीम है जिसने अगले दौर में जगह बनाई है। अब सिर्फ एक स्थान के लिए अमेरिका, नीदरलैंड और पाकिस्तान के बीच होड़ है। सुपर आठ में पहला ग्रुप भी तय हो गया है। ग्रुप-1 में भारत, जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज हैं। वहीं, ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका ने सुपर आठ में जगह बनाई है, जबकि एक स्थान के लिए टीम का क्वालिफाई करना शेष है।
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इन टीमों से पाना होगा पार
भारत सुपर आठ के ग्रुप-1 में मौजूद है जिसमें जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज हैं। यानी भारत को अगर सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो इन तीन टीमों का सामना करना पड़ेगा। सुपर आठ चरण में भारत का सामना सबसे पहले पिछले बार की उपविजेता दक्षिण अफ्रीका से 22 फरवरी को होगा जिसके बाद टीम इंडिया 26 फरवरी को जिम्बाब्वे का सामना करेगी। इस चरण में भारतीय टीम का आखिरी मैच एक मार्च को दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज से होगा। 
भारत का सुपर आठ में कार्यक्रम
तिथि बनाम स्थान
22 फरवरी दक्षिण अफ्रीका अहमदाबाद
26 फरवरी जिम्बाब्वे चेन्नई
01 मार्च वेस्टइंडीज कोलकाता
टी20 विश्व कप में भारत का सफर
गत चैंपियन भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत दमदार तरीके से की है। भारत ने ग्रुप चरण के पहले मैच में अमेरिका को हराया था। इसके बाद टीम ने नामीबिया के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की थी। तीसरे मैच में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर जीत की हैट्रिक लगाई थी और सुपर आठ में जगह सुनिश्चित कर ली थी। अब टीम का सामना ग्रुप चरण के आखिरी मैच में बुधवार को नीदरलैंड से होगा।

Leave Comments

Top