MP विधानसभा का बजट सत्र... कांग्रेस करेगी तीन मंत्रियों का बहिष्कार, इन मुद्दों पर हंगामे के आसार

16 फरवरी से प्रारंभ हो रहा मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं। कांग्रेस ने तय किया है कि वह प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राज ...और पढ़ें

By Digital DeskEdited By: ADITYA KUMAR  Publish Date: Wed, 11 Feb 2026 06:18:37 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Feb 2026 06:18:37 
  1. कांग्रेस सदन में 3 मंत्रियों को न बोलने देगी, न सुनेगी
  2. कफ सीरप और दूषित जल से हुई मौतों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
  3. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने 16 फरवरी को बुलाई विधायक दल की बैठक

राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। 16 फरवरी से प्रारंभ हो रहा मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं। कांग्रेस ने तय किया है कि वह प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विजय शाह का बहिष्कार करेगी। विधानसभा में इन्हें न बोलने दिया जाएगा और न ही इनकी बात सुनी जाएगी। कांग्रेस ने छिंदवाड़ा, बैतूल और पांढुर्णा में जहरीले कफ सीरप कोल्ड्रिफ के कारण 25 बच्चों की मौत, इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल से 35 लोगों की मौत के साथ सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर अशालीन टिप्पणी का मुद्दा उठाने की जोरदार तैयारी क

सरकार पर मंत्रियों के बचाव का आरोप: जीतू पटवारी ने दागे सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का आरोप है कि कोल्ड्रिफ के कारण बच्चों की मौत हुई थी, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय देख रहे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल से 35 लोगों की मौत हो गई और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पद पर बने हुए हैं। कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर अशालीन टिप्पणी करने वाले जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह पर भी सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे साफ है कि सरकार इन मंत्रियों का बचाव कर रही है। ऐसे दागी मंत्रियों को लोकतंत्र के मंदिर (सदन) में बैठने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस सदन में इन्हें न बोलने देगी और न ही इनकी बात सुनी जाएगी।

विधायक दल की बैठक में बनेगी रणनीति: उमंग सिंघार ने बुलाई बैठक

उधर, कांग्रेस विधायक दल बजट सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति 16 फरवरी को भोपाल में बनाएगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें कानून-व्यवस्था, प्रदेश पर बढ़ते कर्ज, अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़ा वर्ग पर हो रहे अत्याचार, किसान, युवा और महिला से जुड़े विषयों को प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा।


Leave Comments

Top