छह बार के कांग्रेस विधायक और मुरैना महापौर ने भाजपा की ली सदस्यता

इंदौर के बाद अब मुरैना में कांग्रेस को लगा झटका
भोपाल। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस का आज फिर बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के छह बार के विधायक रामनिवास रावत ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। उनके साथ मुरैना की नगर निगम महापौर ष्शारदा सोलंकी ने भी भाजपा की सदस्यता ली है।
इंदौर में सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम के नामांकन वापस लेने के बाद आज कांग्रेस को फिर बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के विजयपुर से छह बार के विधायक रामनिवास रावत ने आज भाजपा की सदस्यता ले ली। उनके साथ मुरैना की महापौर ष्शारदा सोलंकी ने भी भाजपा की सदस्यता ली है। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने दोनों नेताओं को आज विजयपुर में भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वीडी शर्मा ने रावत और अन्य नेताओं को अंगवस्त्र पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। रावत प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं और वे चंबल अंचल में जनाधार वाले नेता माने जाते हैं। काफी दिनों से अटकलें थीं कि वे भाजपा में शामिल होने वाले हैं।
मुरैना में प्रत्याशी चयन को लेकर चल रहे थे नाराज
रामनिवास रावत मुरैना में प्रत्याशी चयन को लेकर नाराज चल रहे थे। उनकी नाराजगी और भाजपा में जाने की अटकलों के बीच खुद राहुल गांधी ने भी उनसे फोन पर चर्चा की थी। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी उन्हें समझाइश दे चुके थे। इस समझाइश के बाद रावत ने राजगढ़ जाकर सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार भी किया था। मगर अचानक फिर रविवार से उनको लेकर भाजपा में जाने की अटकलें तेज हो गई थी। कांग्रेस नेताओं की समझाशस के बावजूद उन्होंने कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में शामिल हो गए। रामनिवास रावत के पार्टी छोड़ने से चंबल-अंचल में कांग्रेस को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। रामनिवास रावत ओबीसी का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। तीसरे और चौथे चरण में मध्यप्रदेश की चंबल-अंचल की सीटों पर मतदान होंगे।
घटी कांग्रेस विधायकों की संख्या
विधानसभा के 2023 में हुए चुनाव में कांग्रेस के मात्र 66 विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने कांग्रेस के दो विधायकों को अपने पाले में ले लिया। पहले दौर के मतदान के दौरान छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा से विधायक कमलेश ष्शाह ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली थी। अब मुरैना जिले की विजयपुर से विधायक रामनिवास रावत ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। इसके साथ ही विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 64 रह जाएगी।

 

Leave Comments

Top