अपराधियों के कंधे पर बैठकर जन्मदिन मनाना पड़ा भारी

मुरैना जिले के जौरा थाना प्रभारी निलंबित
भोपाल। मुरैना जिले के जौरा थाना प्रभारी पर एक वायरल वीडियो के बाद गाज गिर गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देश पर थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला थाना प्रभारी के जन्मदिन के जश्न से जुड़ा है, जिसमें वे कथित तौर पर अपराधियों के कंधों पर सवार होकर उत्सव मनाते दिखाई दे रहे थे।
दरअसल सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें जौरा थाना प्रभारी अपना जन्मदिन मना रहे थे। वीडियो में वे कुछ ऐसे लोगों के कंधों पर बैठे नजर आ रहे हैं, जिन पर पहले से ही गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की चर्चा है। यह वीडियो सामने आते ही स्थानीय स्तर पर आक्रोश फैल गया और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए जाने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल रिपोर्ट तलब की और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस मुख्यालय सूत्रों के अनुसार, इस घटना को विभागीय अनुशासन और आचरण संहिता का सीधा उल्लंघन माना गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुलिस की छवि और कानून व्यवस्था की विश्वसनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार का यह कदम स्पष्ट संदेश देता है कि अपराधियों से किसी भी प्रकार की नजदीकी या अनुचित आचरण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शुरू हुई विभागीय जांच
फिलहाल, जौरा थाने की कमान दूसरे अधिकारी को सौंप दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले में विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी है। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि किन परिस्थितियों में थाना प्रभारी ने ऐसा आचरण किया, क्या उत्सव में अन्य पुलिसकर्मियों की भी संलिप्तता थी, जांच पूरी होने के बाद इसमें और अधिक कठोर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

Leave Comments

Top