एम्स और पीपुल्स यूनिवर्सिटी में बम की सूचना से मचा हड़कंप

भोपाल। राजधानी स्थित एम्स और पीपुल्स यूनिवर्सिटी में सोमवार को एक बार फिर बम होने की सूचना से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रबंधन और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एहतियात के तौर पर पीपुल्स अस्पताल और यूनिवर्सिटी परिसर में सघन जांच अभियान शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध सूचना मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को घबराने से बचाने के लिए प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल की इमारत, ओपीडी, वार्ड, पार्किंग क्षेत्र और यूनिवर्सिटी के विभिन्न विभागों की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के दौरान पूरे परिसर को अस्थायी रूप से सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है और कॉल या संदेश के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
एम्स को भी मिला धमकी भरा ई-मेल
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार तड़के करीब 3 बजे संस्थान के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि कॉलेज परिसर में सायनाइड पॉयजन वाले बम रखे गए हैं और वे दोपहर में ब्लास्ट होंगे। ई-मेल मिलते ही एम्स प्रबंधन ने तत्काल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू की गई। अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, हॉस्टल और अन्य भवनों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मरीजों और उनके परिजनों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

Leave Comments

Top